नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत धमौल बेलदारी गांव में सोमवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों को भट्ठे के पास से तेज बदबू आई. जब उन्होंने प्लास्टिक हटाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए. अंदर 14 वर्षीय किशोर का शव पड़ा था.
कौन था हिमांशु?
मृतक की पहचान धमौल बेलदारी गांव निवासी सुबोध यादव के 14 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है. हिमांशु गोविंदपुर के कुतरुचक स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था. वह इसी रविवार को घर आया था. परिजनों के मुताबिक घर आने के बाद से ही उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा था. परिजनों ने तत्काल हिसुआ थाने में सूचना दी थी.
200 मीटर की दूरी पर मिली लाश
सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि हिमांशु का शव उसके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर ईंट भट्ठे के पास फेंका हुआ मिला. सोमवार सुबह मजदूरों ने शव देखकर इसकी जानकारी भट्ठा मालिक को दी. भट्ठा मालिक ने तुरंत स्थानीय थाना को सूचना दी.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सदर SDPO मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया है.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि किसी ने हिमांशु की निर्मम तरीके से हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से ईंट भट्ठे के पास फेंक दिया. पुलिस आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
डीएसपी राहुल कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं. परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
.jpg)