ब्लैक फॉर्च्यूनर, जमीन और पटना की महिला डॉक्टर... शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी

News Ranchi Mail
0

                                                                              


मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी रोड स्थित आइकन टावर में 31 मई, 2026 की रात हुए गोलीकांड में कुख्यात शार्प शूटर गोविन्द शर्मा की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त कुख्यात रनंजय ओंकार को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पत्नी की तरफ से दिए गए आवेदन में भी रनंजय ओंकार का नाम दर्ज है.

पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे का मुख्य कारण जमीन कारोबार से जुड़ा विवाद और एक ब्लैक फॉर्चूनर गाड़ी को लेकर तनाव चलने की बात सामने आ रही है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, वर्चस्व स्थापित करने की होड़ और जमीन कारोबार को लेकर विवाद के कारण हत्या की बात सामने आई है.

एसएसपी कांतेश कुमार ने बताया कि मृतक गोविन्द एक ब्लैक फॉर्चूनर गाड़ी से चलता था, जिसका रजिस्ट्रेशन आरोपी रनंजय ओंकार के भाई के नाम पर था. गोविन्द इस गाड़ी को अपने नाम पर ट्रांसफर कराना चाहता था, जिसे लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

रनंजय ओंकार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की,जहां से 50 से अधिक जमीन से संबंधित कागजात जब्त किए गए हैं.इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है और इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी जांच के लिए अनुशंसा की जाएगी.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोविन्द और रनंजय पहले भी साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में शामिल रह चुके हैं. इनमें साल 2018 का मुजफ्फरपुर का चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड, 2022 में जमीन कारोबारी से रंगदारी मामला और 2023 में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड शामिल हैं.

इधर, मामले की जांच के दौरान पटना की एक महिला डॉक्टर का नाम भी सामने आया है, जिसकी भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है. साथ ही बाबुल चौधरी की तरफ से इस घटना की जिम्मेदारी लेने के दावे की भी जांच जारी है. पुलिस ने संकेत दिया है कि बाबुल चौधरी की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

शार्प शूटर गोविंद शर्मा की पत्नी ने दर्ज कराई है प्राथमिक

घटना के बाद मृतक गोविंद शर्मा की पत्नी मनियारी थाना क्षेत्र के गजपति निवासी रीना उर्फ अंजलि की तरफ से नगर थाने की पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके पति गोविंद शर्मा और बेगूसराय के रहने वाले ओंकार सिंह के साथ मिलकर जमीन का कारोबार करते थे. वहीं, एक जमीन जिसमें मेरे पति गोविंद शर्मा का पैसा लगा हुआ था, लेकिन वह जमीन ओंकार सिंह के नाम पर था और जेल से आने के बाद मेरे पति गोविंद शर्मा और ओंकार सिंह के बीच पैसे का हिसाब किताब हुआ. जिसमें काफी गड़बड़ी पाया गया. इसके बाद दोनों के बीच मौखिक सहमति बनी की, जो जमीन अभी बची हुई है उसमें दोनों लोग आधा-आधा कर लेंगे और जमीन का एग्रीमेंट मेरे पति गोविंद शर्मा के नाम होगा. 

वहीं, मेरे पति गोविंद शर्मा के पास जो फॉर्च्यूनर गाड़ी है वह भी ओंकार सिंह के भाई मृत्युंजय सिंह के नाम पर है. उस गाड़ी को भी गोविंद शर्मा के नाम पर ट्रांसफर कर दिया जाएगा. इसके साथ ही मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की नाई छाजन गांव निवासी बाबुल चौधरी का ओंकार सिंह के माध्यम से मेरे पति के व्यवसाय का साझेदार बना था, लेकिन विगत एक वर्ष पूर्व से ही किसी कारणवश दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था. जिसके बाद बाबुल चौधरी की तरफ से भी कई बार मेरे पति को जान से मारने की धमकी दी गई थी. 

मृतक गोविंद शर्मा की पत्नी ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया कि उसके पति मृतक गोविंद शर्मा का पटना में रहने वाली जैस्मीन परवीन के साथ काफी दिनों प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इस बीच मेरे पति के द्वारा लाखों रुपए के फ्लैट और गाड़ी उसको दी गई थी, लेकिन इसी बीच मेरे पति गोविंद शर्मा को अपनी प्रेमिका के असलियत का पता चल गया था. जिस कारण वह अपनी प्रेमिका से दूरी बना लिया था और अपने द्वारा दिया गया सभी सामान अपनी प्रेमिका से वापस मांगा रहा था. जिसका साक्ष्य भी उपलब्ध है और मुझे लगता है कि इन्हीं तीनों ने मिल कर साजिश के तहद मेरे पति गोविंद शर्मा की हत्या की है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !