मुजफ्फरपुर पुलिस ने घर से स्मैक का कारोबार कर रही एक महिला कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक की पुड़िया के साथ 13 हजार रुपये से अधिक की नगद राशि बरामद की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कांटी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 में छापेमारी कर एक महिला को 65 पुड़िया स्मैक और 13 हजार 200 रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया है. अब गिरफ्तार महिला कारोबारी के नेटवर्क को खंगालने में पुलिस जुट गई है. क्योंकि इससे पूर्व अहियापुर पुलिस ने भी दो महिला कारोबारियों को स्मैक बेचते हुए गिरफ्तार किया था. अब जिस तरीके से सूखे नशे के कारोबार में महिलाएं शामिल हो रही हैं, यह चिंता का विषय है.
बिहार में शराबबंदी के बाद मुजफ्फरपुर में सूखे नशे के कारोबार में इजाफा हो गया है और इस सूखे नशे के चक्कर में सबसे ज्यादा युवा पीढ़ी शिकार हो रही है. जिस पर लगाम लगाने के लिए ssp कांतेश कुमार मिश्र ने जिले के सभी थानों को सूखे नशे और अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध स्पेशल ड्राइव चलाने का सख्त आदेश दिया है. जिसके बाद हर थाना क्षेत्र में सूखे नशे और अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध स्पेशल ड्राइव शुरू कर दिया गया है.
जिसके बाद कांटी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि कांटी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 की रहने वाली महिला लालमती देवी स्मैक का कारोबार कर रही है और इस वक्त वह घर पर बैठकर ग्राहकों से डील कर रही है. उसके बाद कांटी थाना पुलिस सादे लिबास में ग्राहक बनकर पहुंची और उसे रंगे हाथ स्मैक की पुड़िया के साथ गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस गिरफ्तार महिला तस्कर के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
SDPO वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि सूखे नशे और अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे स्पेशल ड्राइव के तहत कांटी थाना क्षेत्र से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से 65 पुड़िया स्मैक और 13 हजार 200 रुपये नगद राशि बरामद की गई है.
.jpg)