रातभर डीजे बजाया था, 1500 बकाया था, मांगने गया संचालक तो लाठी-डंडे से पीट-पीट कर मार डाला

News Ranchi Mail
0

                                                                       
   

मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया गांव निवासी परीक्षण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र चंदन सिंह की बुधवार रात लाठी-डंडे से पिटाई के बाद इलाज के दौरान भागलपुर में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने बताया कि चंदन सिंह डेकोरेशन और डीजे का काम करते थे. लखनपुर गांव निवासी चितरंजन कुमार के पास कुर्सी किराया के रूप में 1500 रुपये बकाया थे. करीब छह महीने बाद जब चंदन पैसे मांगने पहुंचे तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया. 

इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घायल चंदन को इलाज के लिए असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉ. कामिनी कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया. मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

बताया जाता है कि मृतक भागलपुर जिला के बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुसहरी में घर बनाकर रह रहे थे. मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने झोझी मुसहरी के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया. परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहा. 

सूचना मिलते ही भागलपुर जिले के लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार, बाथ थाना अध्यक्ष मंटू कुमार, सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, साहकुंड  थाना अध्यक्ष तथा सुल्तानगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया.

प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तत्काल सहायता के रूप में परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक दिया गया है. सरकार की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी. 

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.मृतक अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और छह वर्षीय पुत्री देवासी को छोड़ गए हैं. घटना के बाद पत्नी बार-बार प्रशासन से हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाती रही और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !