गयाजी जिले में नक्सलियों की बड़ी साजिश को सुरक्षाबल के जवानों ने नाकाम कर दिया है. सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सल प्रभावित इलाके से 175 डेटोनेटर और करीब 300 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया है. इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. इसे देखकर ऐसा लगता है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे. गनीमत रही कि सुरक्षाबल इस तक समय से पहले पहुंच गए, वरना इतना विस्फोटक पूरे शहर में तबाही मचा सकता था.
जानकारी के मुताबिक, नक्सल प्रभावित डुमरिया प्रखंड अंतर्गत छकरबंधा थाना क्षेत्र के दक्षिण-पूर्वी दिशा में स्थित लुटुआ थाना क्षेत्र के भुसिया, महादेव स्थान, सिंघवा, बालीबथान, सिकारी कुआं, गुलरिया तरी पहाड़ी के जंगलों से सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए डेटोनेटर, विस्फोटक समेत अन्य नक्सली उपयोगी सामान भारी मात्रा में बरामद किए गए हैं. नक्सली किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में उनकी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया.
SSP के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार के निर्देशन में तथा सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन के कमांडेंट संजीत कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई. वहीं इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार एवं सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पूरे अभियान को अंजाम दिया. इधर डुमरिया में नक्सलियों के ठिकाने से विस्फोटक की बड़ी खेप बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन नागोबार टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी. दरअसल लुटुआ थाना क्षेत्र के भुसिया, महादेव पहाड़ी के जंगलों में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक छुपाए जाने की गुप्त सूचना सुरक्षा बलों को मिली थी, जिसके बाद व्यापक सर्च अभियान चलाया गया.
पकड़ा गया विस्फोटक नष्ट किया गया
सर्च ऑपरेशन के दौरान लडुईया पहाड़, सिंघवा स्थान के जंगली क्षेत्र में लगभग 11:40 बजे पहाड़ की गुफा से नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए 175 संख्या वाणिज्यिक विद्युत डेटोनेटर, 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 1000 मीटर वाणिज्यिक कॉर्डेक्स तार सहित अन्य नक्सली उपयोगी सामान भारी मात्रा में बरामद किए गए. वहीं बरामद किए गए डेटोनेटर एवं अन्य सामग्री को 215 बटालियन के बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) के कामयाबी के द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
पुलिस ने क्या बताया?
इस संबंध में इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया. अभियान के दौरान भारी मात्रा में डेटोनेटर, विस्फोटक एवं अन्य नक्सली उपयोगी सामान बरामद किए गए हैं. नक्सलियों की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है. क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
