बेतिया पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े मामले का सोमवार को खुलासा किया है. साथ ही पुलिस ने तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों का तार पाकिस्तान से जुड़ा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, ये साइबर ठग हवाला के जरिए बिटकॉइन से पैसा मांगा रहे थे. अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई. कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है कि इन शातिर साइबर ठगों का कहीं कोई पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन से संबंध तो नहीं है.
बताया जा रहा है कि मझौलिया थाना अंतर्गत जौकटियां गांव में साइबर ठगों का हब है. बेतिया एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि इस गांव में पाकिस्तान से कुछ अपराधियों का साठगांठ है, जिस पर एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व ने एसपी ने विशेष टीम का गठन किया. टीम ने गांव में छापेमारी की, जहां से मुकेश कुमार, मिथलेश कुमार और मोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से 9 एटीएम कार्ड, एक पास बुक और 7 मोबाइल बरामद किया. एक मोबाइल से पाकिस्तानी कोड मोबाइल नंबर +923704728657 से बातचीत की गई है. कई बैंक अकाउंट की खरीद की गई है. बैंक अकाउंट खरीद कर यह गिरोह अपना नेटवर्क चला रहा था, जितने भी खाते हैं वो सभी 6 हजार में खरीदे गए हैं. इस मामले पुलिस ने मझौलिया थाना में 193/26 मामला दर्ज किया है.
बता दें कि मझौलिया थाना अंतर्गत जौकटिया गांव साइबर ठगों का गढ़ माना जाता है, लेकिन अब इस गांव के तार पाकिस्तान से जुड़ गए है. पुलिस ने जो खुलासा किया है वो हैरान कर देने वाला है. इस क्षेत्र में ऐसे ऐसे साइबर ठग हैं, जो करोड़पति हैं. एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पाकिस्तान से कनेक्शन सामने आया है और मामले की जांच की जा रही है.
