पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की मौत मामले में CBI ने जांच तेज कर दी है. जांच के सिलसिले में मंगलवार (17 फरवरी) की शाम को सीबीआई की 5 सदस्यीय टीम दूसरी बार मृतका के पैतृक गांव पहुंची और परिजनों से पूछताछ की. जानकारी के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों ने मृतका के भाई से करीब चार से साढ़े चार घंटे तक गहन पूछताछ की और इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया.
मृतका के पिता ने बताया कि सीबीआई की टीम मंगलवार की शाम लगभग करीब तीन बजे गांव पहुंची. जहां अधिकारियों ने परिजनों से अलग-अलग बिंदुओं पर सवाल किए. पूछताछ के दौरान छात्रा के हाल के दिनों की गतिविधियों और परिवार से बातचीत से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई. जांच के क्रम में एजेंसी ने मृतका के भाई का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और उसे अपने साथ ले गई.
भाई के फोन से खुलेंगे कई राज?
माना जा रहा है कि मोबाइल की तकनीकी जांच के जरिए कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके. करीब चार से साढ़े चार घंटे तक गांव में जांच-पड़ताल करने के बाद सीबीआई टीम रात लगभग 8:45 बजे पटना के लिए रवाना हो गई.
शंभू हॉस्टल के लोगों से भी हो चुकी है पूछताछ
इससे पहले भी एजेंसी मामले में हॉस्टल जाकर लोगों से पूछताछ कर चुकी है. वहीं मामला संवेदनशील होने के कारण जांच एजेंसी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी है. परिजनों को उम्मीद है कि सीबीआई जांच से सच्चाई सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा.
